Monday, March 30, 2026

कबीर पंथ द्वारा त्रिदिवसीय संत समागम समारोह का भव्य आयोजन किया गया

कोंडागांव, कांकेर । जिला मुख्यालय कोंडागांव के विकास नगर स्थित स्टेडियम ग्राउंड में 28, 29 एवं 30 मार्च 2026 को त्रिदिवसीय संत समागम समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री सदगुरु कबीर धनी धर्मदास साहेब की कृपा से, उनके ही स्वरूप पंथ के श्री हुजूर प्रकाश मुनि नाम साहेब एवं श्री हुजूर उदित मुनि नाम साहेब के शुभ आगमन के अवसर पर संपन्न हुआ।
आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां व्यापक स्तर पर की गई थीं। तीनों दिनों तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से गुरु महिमा पाठ, सत्संग एवं भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
समारोह के प्रथम दिन 28 मार्च को दोपहर 2 बजे कबीर वंशावली साहबों का आगमन हुआ, जिनका श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान निशान पूजा एवं भेंट-वंदना का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
द्वितीय दिन 29 मार्च को गुरु महिमा पाठ के साथ सुबह 11 बजे परम पूजनीय माता सुलक्षणा देवी द्वारा मंगल प्रवचन दिया गया। सायंकालीन सत्र में श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्राप्त हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अंतिम दिन 30 मार्च को प्रातःकालीन सत्संग के पश्चात दोपहर में पंथ श्री हुजूर उदित मुनि नाम साहेब के करकमलों से चौका आरती का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परम पूज्य गोसाईं डॉ. भानुप्रताप साहब, गोसाईं प्रखर प्रताप साहब, गुरु माता मनीषा देवी, गुरु माता सुलक्षणा देवी एवं अन्य संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
आयोजन समिति ने जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रवचन, सत्संग एवं भजन-कीर्तन का लाभ उठाने की अपील की थी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक श्याम दीवान, देव नाथ प्रधान, सोहन दास मानिकपुरी (संचालक मंडल सदस्य), लक्ष्मी कांत पंथ, गणेश बघेल, जीवन पांडेय, मनीष सेठिया, पवन बघेल सहित समस्त कबीर पंथियों का विशेष सहयोग रहा।